Pages

Showing posts with label आलेख. Show all posts
Showing posts with label आलेख. Show all posts

Saturday

क्या आप जानते हैं....


View Image in New Window
क्या आप जानते हैं कि इस ग्रह पर कुल कितनी जीव प्रजातियां हैं? वर्ष 1691 में वैज्ञानिक जॉन रे ने अनुमान लगाया था कि इस ग्रह पर कीटों की 20,000 प्रजातियां हैं। जॉन रे की यह संख्या काफी पीछे छूट चुकी है, क्योंकि अब तब लगभग 10 लाख तरह के कीटों के विवरण आ चुके हैं। लेकिन जॉन जिस तरीके से उस संख्या तक पहुंचे थे, उसी तरीके का इस्तेमाल आज भी ज्यादातर वैज्ञानिक कर रहे हैं। तीन शताब्दी बाद भी इस ग्रह की जीव प्रजातियों की कुल संख्या को लेकर वैज्ञानिकों की कोई एकराय नहीं है। इस संदर्भ में डलहौजी यूनिवर्सिटी के हालिया अध्ययन में वैज्ञानिकों ने यह निष्कर्ष निकाला है कि पृथ्वी पर लगभग 80 लाख 70 हजार जीव प्रजातियां हैं। इस टीम ने जीव प्रजातियों, वंशों, परिवार और सुपरिचित जीवन रूपों के बीच सांख्यिकीय संबंधों का विश्लेषण किया और उस पैटर्न का इस्तेमाल प्रजातियों की संख्या का आकलन उन जीवन श्रेणियों में करने के लिए किया, जिनके बारे में अब तक कोई खास जानकारी नहीं है। बहरहाल, 253 वर्षो में, जबसे लिनीयस ने जीवों के नामकरण की पद्धति की खोज की है, हम लगभग सवा दस लाख प्रजातियों के बारे में ही विवरण जुटा पाए हैं। इसका मतलब यह है कि यदि वास्तव में पृथ्वी पर 80 लाख 70 हजार जीव प्रजातियां हैं, तो इनमें से लगभग 90 प्रतिशत के बारे में हम कुछ भी नहीं जानते। अध्ययन के मुताबिक, इन सबके बारे में विस्तृत वैज्ञानिक विवरण जुटाने में अभी 1,200 वर्ष और लगेंगे। और जिस गति से हम जीव प्रजातियों को खोते जा रहे हैं, उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि आज की अनेक प्रजातियों का अस्तित्व तब तक खत्म हो चुका होगा। और फिर 80 लाख 70 हजार जीव प्रजातियों में बैक्टिरिया को शामिल नहीं किया गया है, जिनकी संख्या भी लाखों में हो सकती है। इसलिए यह मानने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए कि हम पृथ्वी पर जीवन के बारे में अपनी जानकारी के जितने भी दावे करें, हकीकत यही है कि हम उसके बारे में लगभग कुछ भी नहीं जानते।
पिंकी जोशी